अयोध्या में हिंदू नववर्ष पर भव्य आयोजन किया जा रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में एक विशेष कार्यक्रम में शामिल होंगी। सुबह 11:55 बजे शुभ अभिजीत मुहूर्त पर वे मंदिर में श्रीराम यंत्र की स्थापना और पूजा करेंगी। इस खास समारोह में करीब सात हजार मेहमान शामिल होंगे।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सुबह 11 बजे महर्षि वाल्मीकि इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहुंचेंगी और वहां से सीधे मंदिर परिसर जाएंगी। उनका अयोध्या दौरा लगभग चार घंटे का रहेगा। इस कार्यक्रम में तुर्की, इटली, अमेरिका सहित कई देशों से भी अतिथि शामिल होंगे, जिन्हें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज सम्मानित करेंगी।
समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और राम मंदिर ट्रस्ट के कई प्रमुख सदस्य भी मौजूद रहेंगे। सुरक्षा और सुविधा के मद्देनजर शहर में शाम पांच बजे तक भारी वाहनों की एंट्री पर रोक लगाई गई है।
Comments (0)