चंपावत जिले में लगातार बढ़ रही गैस की किल्लत और महंगाई को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री की विधानसभा चंपावत में भाजपा सरकार का पुतला दहन करते हुए जोरदार नारेबाजी की और खाली सिलेंडरों के साथ विरोध जताया।
केंद्र सरकार पर निशाना
कांग्रेस जिला अध्यक्ष चिराग फर्त्याल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लगातार बढ़ रही गैस की किल्लत को लेकर बीजेपी सरकार का पुतला दहन करते हुए जोरदार नारेबाजी कर विरोध जताया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि चंपावत जिलेभर में लगातार लोग गैस सिलेंडर के लिए दर दर भटक रहे हैं और उसके बाद भी गैस नहीं मिल पा रही है। जिससे जनता को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए पीएम और सीएम से इस्तीफा देने की मांग की है। कहा कि बेरोजगारी और महंगाई चरम सीमा है जिसके लिए बीजेपी सरकार के पास कोई समाधान नहीं है। चंपावत की भोली भाली जनता को डराया धमकाया जा रहा है। जिसे कांग्रेस पार्टी बिलकुल भी बर्दाश्त नहीं करेगी।