चंपावत जिले में रसोई गैस के दुरुपयोग और कालाबाजारी को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर लोहाघाट क्षेत्र में प्रशासन की टीम ने होटलों और ढाबों में छापेमारी अभियान चलाया। यह कार्रवाई पूर्ति निरीक्षक चंद्रकला चतुर्वेदी के नेतृत्व में की गई।
नगर के विभिन्न होटल की जांच
छापेमारी के दौरान नगर के विभिन्न होटल और ढाबों की जांच की गई। पूर्ति निरीक्षक चंद्रकला चतुर्वेदी ने बताया कि रसोई गैस की कालाबाजारी और घरेलू सिलेंडरों के दुरुपयोग को रोकने के लिए जिलाधिकारी के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया है। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान किसी भी प्रतिष्ठान में घरेलू रसोई गैस सिलेंडर का उपयोग नहीं पाया गया।
हालांकि प्रशासन ने व्यापारियों को सख्त चेतावनी दी है कि वे अपने प्रतिष्ठानों में घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग न करें। यदि भविष्य में ऐसा पाया गया तो संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पूर्ति निरीक्षक ने बताया कि फिलहाल व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति पूरी तरह सुचारु नहीं हो पा रही है। ऐसे में व्यापारियों को वैकल्पिक रूप से 5 किलोग्राम वाले छोटे गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि घरेलू उपभोक्ताओं के लिए रसोई गैस की कोई कमी नहीं है और सभी उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि गैस को लेकर किसी भी प्रकार की हड़बड़ी या अफवाहों पर ध्यान न दें।
पूर्ति निरीक्षक ने कहा कि प्रशासन रसोई गैस की कालाबाजारी और दुरुपयोग पर लगातार नजर बनाए हुए है और इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। छापेमारी के दौरान उप निरीक्षक ऋषभ कुमार भी मौजूद रहे।
Comments (0)