चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। इस बार राज्य में केवल दो चरणों में मतदान कराया जाएगा, जो पहले के मुकाबले बड़ा बदलाव माना जा रहा है। आयोग के अनुसार पश्चिम बंगाल में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे, जबकि चुनाव परिणाम 4 मई को घोषित किए जाएंगे।
चुनाव आयोग की घोषणा की खास बात यह है कि पहली बार राज्य में सिर्फ दो चरणों में विधानसभा चुनाव कराए जा रहे हैं। इससे पहले 2021 के विधानसभा चुनाव में यहां आठ चरणों में मतदान हुआ था।
पश्चिम बंगाल में कुल 294 विधानसभा सीटों पर चुनाव होंगे। राज्य में करीब 7 करोड़ मतदाता हैं, जिनमें लगभग 3.6 करोड़ पुरुष और 3.4 करोड़ महिला मतदाता शामिल हैं। इसके अलावा 1400 से अधिक थर्ड जेंडर मतदाता भी अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे।
अगर पिछले चुनाव की बात करें तो 2021 के विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 215 सीटें जीती थीं, जबकि भारतीय जनता पार्टी (BJP) को 77 सीटें मिली थीं। इस जीत के साथ टीएमसी ने राज्य में लगातार तीसरी बार सरकार बनाई थी और ममता बनर्जी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।
Comments (0)