हरिद्वार - चारधाम यात्रा 2026 की शुरुआत 19 अप्रैल से गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ होगी। इसके पहले यात्रियों की सुविधा के लिए हरिद्वार में पंजीकरण प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
17 अप्रैल से ऋषिकुल मैदान में रजिस्ट्रेशन
हरिद्वार के ऋषिकुल मैदान में 17 अप्रैल से ऑफलाइन पंजीकरण शुरू होगा। यहां 20 काउंटर बनाए गए हैं, जहां 24 घंटे तीन शिफ्ट में रजिस्ट्रेशन की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
यात्रियों के लिए विशेष इंतजाम
प्रशासन की ओर से यात्रियों के लिए बैठने की व्यवस्था, पेयजल, छांव और गर्मी से बचाव के इंतजाम किए गए हैं। साथ ही मार्गदर्शन के लिए विशेष टीमें भी तैनात रहेंगी ताकि किसी को परेशानी न हो।
मोबाइल टीमें और जरूरी दस्तावेज
बड़े समूहों के लिए मोबाइल टीमें होटल और धर्मशालाओं में जाकर पंजीकरण करेंगी। रजिस्ट्रेशन के लिए पहचान पत्र और मोबाइल नंबर अनिवार्य रखा गया है।
सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था
यात्रा मार्ग पर सुरक्षा के लिए 7 अस्थायी पुलिस चौकियां और 10 टूरिस्ट पुलिस केंद्र बनाए गए हैं। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें भी तैनात की गई हैं। ट्रैफिक प्रबंधन के लिए डायवर्जन प्लान लागू किया गया है। प्रशासन ने सभी तैयारियों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया है।