महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े तीन महत्वपूर्ण विधेयकों पर आज लोकसभा में दूसरे दिन भी चर्चा जारी रहेगी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस पर सदन में जवाब देंगे। गुरुवार को उन्होंने कहा था कि परिसीमन को लेकर विपक्ष के जितने भी सवाल हैं, उन्हें वे सरल भाषा में समझाएंगे। इसके बाद शाम 4 बजे तीनों विधेयकों पर वोटिंग कराई जाएगी।
शाम 4 बजे होगी वोटिंग
लोकसभा स्पीकर ने इन विधेयकों पर चर्चा के लिए कुल 15 घंटे का समय निर्धारित किया है। गुरुवार को लगभग 12 घंटे तक सत्ता पक्ष और विपक्ष के सांसदों ने अपनी-अपनी राय रखी।
प्रियंका का आरोप- असम की तरह देश की सीटों की काट-छांट होगी
कांग्रेस की ओर से प्रियंका गांधी, गौरव गोगोई और के.सी. वेणुगोपाल ने विधेयकों का विरोध करते हुए अपनी बात रखी। प्रियंका गांधी ने कहा कि असम की तरह पूरे देश में लोकसभा सीटों की पुनर्संरचना की जा सकती है, जिससे असंतुलन पैदा होगा।
परिसीमन प्रक्रिया में किसी भी राज्य के साथ भेदभाव नहीं किया जाएगा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी करीब 35 मिनट तक सदन में संबोधन दिया। उन्होंने कहा कि परिसीमन प्रक्रिया में किसी भी राज्य के साथ भेदभाव नहीं किया जाएगा और यह सरकार की “मोदी की गारंटी” है। उन्होंने विपक्ष से कहा कि वे चाहें तो इसका श्रेय ले सकते हैं।