नई दिल्ली - लोकसभा में महिला आरक्षण और परिसीमन बिल पर चर्चा के दौरान समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव के बयान पर पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने करारा जवाब दिया है। पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी की सीनियर नेत्री स्मृति ईरानी पर तंज कसते हुए कहा था कि, अगर आप सीट रिजर्व करा देंगे, तो महिलाओं में आपस में ही प्रतिस्पर्धा हो जाएगी। आपकी वह ‘सास-बहू’ वाली भी हार गई।
अखिलेश यादव की टिप्पणी पर स्मृति ईरानी का पलटवार
वहीं सपा नेता अखिलेश यादव के बयान पर पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने सोशल मीडिया साइट‘एक्स’ पर पलटवार करते हुए लिखा है कि, मैंने सुना कि आज अखिलेश जी ने संसद में मुझे याद किया। यह अच्छी बात है, जिन्हें राजनीति विरासत में मिली है, वे उन लोगों को भी याद रखते हैं, जो अपने दम पर आसमान में सुराख कर देते हैं।
अखिलेश कामकाजी महिलाओं पर टिप्पणी करते हैं
भारतीय जनता पार्टी की सीनियर नेत्री स्मृति ईरानी ने आगे कहा है कि, वे कामकाजी महिलाओं पर टिप्पणी करते हैं—वे लोग, जिन्होंने अपनी जिंदगी में कभी कोई नौकरी नहीं की। अपना ध्यान सीरियल से हटाकर संसद पर लगाइए और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए उस अहम बिल को पास करवाइए।