उत्तराखंड की पवित्र चारधाम यात्रा इस वर्ष 19 अप्रैल से गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ शुरू होने जा रही है। इसके बाद केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल को और बद्रीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे। इस बार यात्रा अप्रैल माह में ही शुरू हो रही है जिससे बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
यात्रा को व्यवस्थित बनाने के लिए केंद्र
यात्रा को सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए हरिद्वार के ऋषिकुल ग्राउंड में चारधाम यात्रियों के लिए ऑफलाइन पंजीकरण केंद्र की शुरुआत कर दी गई है। यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर अपना पंजीकरण करा रहे हैं।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने स्वयं पंजीकरण केंद्र का निरीक्षण किया और वहां पहुंचे श्रद्धालुओं का स्वागत किया। अधिकारियों ने यात्रियों को माला पहनाकर मिठाई खिलाकर और यात्रा के लिए आवश्यक सामग्री प्रदान कर उन्हें शुभकामनाओं के साथ रवाना किया।
यात्रा के दौरान बरते सावधानियां
इस दौरान अधिकारियों ने यात्रियों को यात्रा के दौरान बरतने वाली सावधानियों के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से बताया कि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंड अधिक रहती है इसलिए श्रद्धालु गर्म कपड़े और जरूरी सामान साथ लेकर ही यात्रा पर निकलें।
प्रशासन द्वारा की गई इन व्यवस्थाओं से यात्रियों को काफी सुविधा मिल रही है और यात्रा को सुरक्षित एवं सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।