देहरादून में सड़क सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए स्कूल वाहनों की व्यापक जांच शुरू कर दी है। हाल ही में चलाए गए सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के बाद अब नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रवर्तन अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत स्कूल वैन और बसों में सुरक्षा मानकों की गहन जांच की जा रही है ताकि बच्चों की आवाजाही पूरी तरह सुरक्षित रह सके।
वैन और बसों की जांच
देहरादून की आरटीओ प्रवर्तन डॉ. डॉ. अनीता चमोला ने जानकारी दी कि स्कूलों में संचालित सभी वैन और बसों की जांच की जा रही है। यह देखा जा रहा है कि वाहनों में स्पीड लिमिट डिवाइस (एसएलडी) जीपीएस और सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं या नहीं। साथ ही छात्राओं को ले जाने वाले वाहनों में महिला परिचालक (अटेंडेंट) की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार यह दो दिवसीय विशेष प्रवर्तन अभियान केवल देहरादून जिले तक सीमित नहीं है बल्कि अन्य जिलों में भी समान रूप से चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ चालान की कार्रवाई करना और भविष्य में लापरवाही रोकना है। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। अभियान के दौरान नियमों का पालन न करने वाले वाहन मालिकों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Comments (0)