लखनऊ - उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि 2027 तक अखिलेश यादव “गिरगिट की तरह रंग बदलते” रहेंगे और अलग-अलग तरह की टोपी पहनकर जनता को भ्रमित करने की कोशिश करेंगे।
मौर्य ने सपा की नीतियों और कार्यशैली पर सवाल उठाए
बुधवार को सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान मौर्य ने सपा की नीतियों और कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी कभी भी पिछड़ों और दलितों की सच्ची हितैषी नहीं रही, बल्कि इन वर्गों का लगातार शोषण किया गया है। उन्होंने कहा कि सपा शासनकाल में कानून-व्यवस्था की स्थिति भी कमजोर रही थी, जिसे जनता भली-भांति जानती है।
बीजेपी की वजह से राम मंदिर बना
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने राम मंदिर निर्माण का जिक्र करते हुए कहा कि, यह भाजपा सरकार की प्रतिबद्धता का परिणाम है और इससे देश की आस्था को सम्मान मिला है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि विकसित भारत और विकसित आगरा का लक्ष्य हासिल करना है, तो जनता को भारतीय जनता पार्टी का समर्थन करना चाहिए।
दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा
वहीं चित्रकूट में हुई दुष्कर्म की घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि, सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। इसके साथ ही भारतीय जनता पार्टी के सीनियर नेता मौर्य ने आश्वासन दिया कि, अपराधियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी हुई तेज
साथ ही, बीजेपी नेता केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव को अपने शासनकाल की घटनाओं पर आत्ममंथन करने की सलाह दी। डिप्टी सीएम के इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है और आगामी चुनावों को लेकर सियासी माहौल और गरमाने की संभावना है।