देश के मध्य और दक्षिणी हिस्सों में गर्मी ने अपना असर तेज कर दिया है। पिछले दो दिनों से राजस्थान, मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, गुजरात, तेलंगाना, आंध्रप्रदेश, छत्तीसगढ़, दिल्ली और महाराष्ट्र में तापमान 40 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है।
अकोला सबसे गर्म, कई शहरों में पारा 44°C के करीब
बुधवार को महाराष्ट्र के अकोला में सबसे अधिक 44.2°C तापमान रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा राजस्थान के बाड़मेर में 42.8°C, मध्य प्रदेश के नौगांव में 42°C, आंध्र प्रदेश के अनंतपुर में 43.4°C, छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में 43°C और उत्तर प्रदेश के बांदा में भी तापमान 44°C तक पहुंच गया।
पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर होने से बढ़ी गर्मी
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ने के कारण अचानक तापमान में बढ़ोतरी हुई है। यह स्थिति 20 अप्रैल तक बनी रह सकती है, जिससे पश्चिमी, मध्य और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में भीषण गर्मी पड़ने की संभावना है।
वर्धा में स्कूल बंद, कई जिलों में समय में बदलाव
गर्मी के बढ़ते असर को देखते हुए महाराष्ट्र के वर्धा जिले में गुरुवार को सभी स्कूल बंद रखने का आदेश जारी किया गया है। वहीं मध्य प्रदेश के बुरहानपुर, हरदा और रतलाम में स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है।
कई राज्यों में मौसम का अलग-अलग असर
पूर्वोत्तर राज्यों अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, गंगा से सटे पश्चिम बंगाल और नगालैंड में आंधी और बारिश के साथ बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। वहीं जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी और पंजाब-हरियाणा में बारिश हो सकती है। जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है।