पश्चिम बंगाल- विधानसभा चुनाव के बीच हावड़ा जिले के बाली इलाके में राजनीतिक माहौल उस वक्त गरमा गया, जब बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी के रोड शो के दौरान जमकर हंगामा हो गया। यह रोड शो बीजेपी उम्मीदवार संजय सिंह के समर्थन में आयोजित किया गया था, लेकिन टीएमसी कार्यकर्ताओं की नारेबाजी के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई और दोनों दलों के समर्थक आमने-सामने आ गए।
रोड शो के दौरान बढ़ा तनाव
बताया जा रहा है कि रोड शो के दौरान टीएमसी समर्थक ‘जय बांग्ला’ समेत अन्य नारे लगा रहे थे, जिस पर शुभेंदु अधिकारी भड़क गए। उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी कार्यकर्ताओं ने जानबूझकर माहौल बिगाड़ने और चुनाव प्रचार में बाधा डालने की कोशिश की। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक देखी जा सकती है।
शुभेंदु अधिकारी का बयान
घटना के बाद शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि वे करीब पांच हजार समर्थकों के साथ शांतिपूर्ण तरीके से प्रचार कर रहे थे, लेकिन टीएमसी के कुछ लोगों ने भड़काऊ नारे लगाकर स्थिति खराब करने की कोशिश की। उन्होंने बाली थाने के प्रभारी अधिकारी को तत्काल हटाने की मांग भी उठाई और निष्पक्ष चुनाव कराने पर सवाल खड़े किए।
चुनाव आयोग ने बढ़ाई सुरक्षा
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण को देखते हुए चुनाव आयोग ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। 23 अप्रैल को होने वाले मतदान के लिए केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की 2,407 कंपनियां तैनात की गई हैं। संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च भी शुरू कर दिया गया है, ताकि मतदाताओं में भरोसा कायम रखा जा सके।
संवेदनशील जिलों पर खास नजर
मुर्शिदाबाद और पूर्व मेदिनीपुर जिलों को सबसे ज्यादा संवेदनशील माना गया है। मुर्शिदाबाद में 316 कंपनियां और पूर्व मेदिनीपुर में 273 कंपनियां तैनात की जाएंगी। नंदीग्राम सीट के कारण यह इलाका राजनीतिक रूप से काफी अहम है, जहां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है।