दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर गुरुवार को एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया। स्पाइसजेट का B737-700 विमान एयरपोर्ट पर टैक्सीइंग कर रहा था तभी वो अकासा एयर के खड़े विमान से जा टकराया। इस टक्कर में स्पाइसजेट के विमान का दाहिना विंगलेट बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि अकासा एयर के विमान के बाएं हिस्से का हॉरिजॉन्टल स्टेबलाइजर भी डैमेज हो गया। घटना के बाद स्पाइसजेट के विमान को फिलहाल दिल्ली एयरपोर्ट पर ही ग्राउंड कर दिया गया है।
हादसे के बाद अकासा एयर का बयान
दूसरे विमान को भी फिलहाल सेवा से बाहर कर दिया गया है। अकासा एयर के प्रवक्ता ने बताया, “अकासा एयर का विमान, जो दिल्ली से हैदराबाद के लिए उड़ान QP 1406 संचालित करने वाला था, 16 अप्रैल 2026 को बे पर वापस लौट आया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विमान खड़ा हुआ था, तभी दूसरी एयरलाइन का एक विमान उससे टकरा गया। सभी यात्रियों और क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। हमारी ग्राउंड टीम यात्रियों को जल्द से जल्द हैदराबाद पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था कर रही है।”
स्पाइसजेट के विमान के विंगलेट को नुकसान: कंपनी
स्पाइसजेट के प्रवक्ता ने कहा, 16 अप्रैल को दिल्ली एयरपोर्ट पर टैक्सी करते समय हमारे B737-700 विमान की एक अन्य विमान से टक्कर हो गई, जिससे उसके दाहिने विंगलेट को नुकसान पहुंचा। साथ ही दूसरी एयरलाइन के विमान के बाएं हॉरिजॉन्टल स्टेबलाइजर को भी क्षति हुई है। फिलहाल विमान को दिल्ली में ही रोक दिया गया है।
पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना
इससे पहले 3 फरवरी को मुंबई एयरपोर्ट पर भी इसी तरह की घटना सामने आई थी, जब इंडिगो के एक विमान का विंगटिप एयर इंडिया के विमान से टकरा गया था। उस समय दोनों विमानों में यात्री मौजूद थे। एयरलाइंस के मुताबिक, यह घटना हैदराबाद से मुंबई आ रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 791 और मुंबई से कोयंबटूर जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI 2732 के बीच हुई थी।