महिला सशक्तिकरण और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से युवा मामले और खेल मंत्रालय 17 और 18 अप्रैल 2026 को देश के सात प्रमुख शहरों में “नारी शक्ति वंदन रन” का आयोजन करेगा। यह पहल विकसित भारत के विजन में महिलाओं की भागीदारी को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
सात शहरों में होगा आयोजन
यह दौड़ दिल्ली, कटक, पटना, मुंबई, इंदौर, बेंगलुरु और जयपुर में आयोजित की जाएगी। पटना और जयपुर में यह कार्यक्रम 17 अप्रैल को होगा, जबकि दिल्ली, कटक, मुंबई, इंदौर और बेंगलुरु में 18 अप्रैल को इसका आयोजन किया जाएगा।
सुबह पंजीकरण से होगी शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह प्रतिभागियों के पंजीकरण से होगी। इसके बाद उद्घाटन सत्र में गणमान्य अतिथियों का स्वागत, मुख्य अतिथि का संबोधन और नारी शक्ति की शपथ दिलाई जाएगी। 2 से 3 किलोमीटर की यह दौड़ शहरों के प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर आयोजित की जाएगी, जिसका समापन प्रमाण पत्र वितरण के साथ होगा।
विभिन्न वर्गों की महिलाओं की भागीदारी पर जोर
इस आयोजन का उद्देश्य छात्राओं, पेशेवर महिलाओं, उद्यमियों, खिलाड़ियों और सामाजिक क्षेत्र से जुड़ी महिलाओं की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करना है। ‘माय भारत’, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), भारतीय खेल प्राधिकरण (एसएआई) और अन्य संगठनों के माध्यम से इसमें सहभागिता को बढ़ावा दिया जा रहा है।
संसद सत्र के संदर्भ में खास पहल
“नारी शक्ति वंदन रन” का आयोजन 16 से 18 अप्रैल 2026 तक चल रहे संसद सत्र के संदर्भ में किया जा रहा है, जिसमें महिलाओं के प्रतिनिधित्व और परिसीमन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हो रही है। यह पहल महिलाओं की लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में भागीदारी को लेकर जागरूकता बढ़ाने का भी प्रयास है।