पश्चिम बर्धमान - पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्धमान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पिछले 15 वर्षों में बंगाल की पहचान को गंभीर नुकसान पहुंचा है और राज्य को टेरर, माफिया राज, कटमनी और भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया गया है।
राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति कमजोर हुई है
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने आरोप लगाया कि, मौजूदा सरकार की नीतियों के कारण आम जनता, खासकर युवाओं और महिलाओं के बीच भय का माहौल पैदा हुआ है। उन्होंने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति कमजोर हुई है और इसी वजह से माफिया तत्वों को बढ़ावा मिला है।
ऐसे लोगों को सत्ता से बाहर किया जाए
उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि ऐसे लोगों को सत्ता से बाहर किया जाए, जिन्होंने राज्य को असुरक्षा और अव्यवस्था की ओर धकेला है। योगी ने भरोसा दिलाया कि भारतीय जनता पार्टी बंगाल में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने और माफिया प्रवृत्ति को खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है।
राज्य में सुशासन स्थापित किया जाएगा
सीएम योगी ने इस दौरान यह भी कहा कि, भारतीय जनता पार्टी का स्पष्ट संकल्प है कि, राज्य में सुशासन स्थापित किया जाएगा और विकास को प्राथमिकता दी जाएगी। उनके मुताबिक, अगर भाजपा को मौका मिलता है, तो वह बंगाल को एक सुरक्षित और विकसित राज्य के रूप में स्थापित करेगी।
सीएम योगी ने जनता से समर्थन की अपील की
जनसभा के दौरान यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यकर्ताओं में जोश भरने के साथ-साथ जनता से समर्थन की अपील भी की। उनके इस बयान के बाद राज्य की राजनीति में एक बार फिर सियासी माहौल गरमा गया है और आने वाले चुनावों को लेकर बयानबाजी तेज होने की संभावना है।