देहरादून - देहरादून में आज पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में जनगणना 2027 के अंतर्गत अपनी स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी कर राज्य में इस महत्वपूर्ण अभियान की औपचारिक शुरुआत की। इस अवसर पर जनगणना से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे, जिन्होंने मुख्यमंत्री को पूरी डिजिटल प्रक्रिया की जानकारी दी।
पहली बार पूरी तरह डिजिटल जनगणना
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश पहली बार पूरी तरह डिजिटल जनगणना की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने इसे पारदर्शिता, सटीकता और जनभागीदारी बढ़ाने वाला ऐतिहासिक कदम बताया।
हाउस लिस्टिंग से शुरू हुआ पहला चरण
जनगणना 2027 का पहला चरण ‘हाउस लिस्टिंग और हाउसिंग जनगणना (HLO)’ है, जिसके तहत घरों की स्थिति, सुविधाओं और पारिवारिक विवरणों का डेटा एकत्र किया जा रहा है। इस बार नागरिकों को स्वयं ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज करने की सुविधा भी दी गई है।
डेटा की शुद्धता और सुरक्षा पर जोर
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनगणना कार्य को समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि यह डेटा नीति निर्माण में बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा, इसलिए इसकी सटीकता सर्वोपरि है। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि एकत्र किए गए सभी आंकड़ों की सुरक्षा के लिए कड़े प्रावधान किए गए हैं और उनका उपयोग केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए ही किया जाएगा।
डिजिटल सशक्तिकरण की दिशा में कदम
सीएम धामी ने कहा कि यह पहल उत्तराखंड में डिजिटल सशक्तिकरण और जनभागीदारी को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे स्व-गणना में सक्रिय रूप से भाग लें ताकि यह राष्ट्रीय अभियान सफल हो सके। इस अवसर पर मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी गीता धामी सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।