बांकुड़ा, पश्चिम बंगाल - पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं, राज्य की राजनीति भी उतनी ही गर्म होती जा रही है। इस बार मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के बीच माना जा रहा है। हालांकि, कांग्रेस, एआईएमआईएम और वामदल भी चुनावी मैदान में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने में जुटे हैं।
बीजेपी-टीएमसी में सीधा मुकाबला
राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व में टीएमसी पिछले करीब 15 वर्षों से सत्ता में है और इस बार भी वापसी की कोशिश कर रही है। वहीं बीजेपी इस बार पूरी ताकत और आक्रामक रणनीति के साथ चुनावी मैदान में उतरी है, जिसका लक्ष्य टीएमसी सरकार को सत्ता से बाहर करना है। बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व ने बंगाल में व्यापक प्रचार अभियान छेड़ रखा है। इसी क्रम में आज केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बांकुड़ा में एक सभा को संबोधित कर राज्य की टीएमसी सरकार पर जमकर हमला बोला।
हम ममता की सिंडिकेट को समाप्त कर देंगे
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि, मैं वादा करके जाता हूं पूरे बंगाल से हम ममता की सिंडिकेट को समाप्त कर देंगे। ममता दीदी ने क्या हाल बना कर रखा है? सीमेंट लेना है तो सिंडिकेट को कट मनी दो, पंखा लेना है सिंडिकेट बीच में आ गया। ईंट, बालू लेना है सिंडिकेट बीच में आता है। सिंडिकेट बंगाल की जनता का खून चूसने का शासन बना हुआ है। मैं आज कहकर जाता हूं एक बार ममता को उखाड़ कर भाजपा की सरकार बनाओ सिंडिकेट को उल्टा लटका कर सीधा करने का काम हम करेंगे।