उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा में बड़ी गड़बड़ी का खुलासा हुआ है। हरिद्वार के राजकीय इंटर कॉलेज सलेमपुर महदूद परीक्षा केंद्र पर हाईस्कूल हिंदी परीक्षा के दौरान 8 फर्जी परीक्षार्थी पकड़े गए। इनमें 4 छात्र और 4 छात्राएं शामिल थीं जो असली अभ्यर्थियों की जगह परीक्षा दे रहे थे।
एडमिट कार्ड की फोटो में गड़बड़ी का शक
कक्ष निरीक्षकों ने एडमिट कार्ड की फोटो में गड़बड़ी का शक किया और सख्ती से पूछताछ करने पर सभी आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अन्य छात्रों की जगह परीक्षा देने आए थे। जांच में पता चला कि ये सभी सावित्री शिक्षा सदन इंटर कॉलेज रावली महदूद के निजी परीक्षार्थियों की जगह बैठे थे। केंद्र व्यवस्थापक ने तुरंत पुलिस और अधिकारियों को सूचित किया। पुलिस ने सभी आठ आरोपियों को हिरासत में लेकर उनकी उत्तर पुस्तिकाएं जब्त कर ली हैं।
मुख्य शिक्षा अधिकारी नरेश कुमार हल्दियानी ने मामले को गंभीर बताया और कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। शिक्षा विभाग को आशंका है कि इसके पीछे संगठित नकल गिरोह सक्रिय हो सकता है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और संभावित अन्य आरोपियों की पहचान करने के लिए अभियान जारी है। इस घटना ने बोर्ड परीक्षा की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर दिए हैं और शिक्षा विभाग को परीक्षाओं में सुरक्षा व निगरानी बढ़ाने की दिशा में कदम उठाने पर मजबूर कर दिया है।
Comments (0)