होली पर्व के चलते महानगरों से पहाड़ की ओर घर वापसी का सिलसिला तेज हो गया है। दिल्ली देहरादून बेंगलुरु मुंबई समेत विभिन्न शहरों में रह रहे लोहाघाट और चंपावत क्षेत्र के प्रवासी बड़ी संख्या में अपने गांवों को लौट रहे हैं।
दिल्ली रूट पर अतिरिक्त बसों का संचालन
प्रवासियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तराखंड परिवहन निगम के लोहाघाट डिपो ने विशेष तैयारियां की हैं। डिपो के एजीएम धीरेंद्र वर्मा और वरिष्ठ लिपिक सूरज भान ने बताया कि नियमित सेवाओं के अलावा दिल्ली रूट पर अतिरिक्त बसों का संचालन शुरू कर दिया गया है। यह विशेष सेवाएं होली पर्व तक लगातार संचालित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि यदि यात्रियों की संख्या में और बढ़ोतरी होती है तो आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त बसें और चलाई जाएंगी ताकि किसी भी यात्री को परेशानी का सामना न करना पड़े।
त्योहारी सीजन का असर डिपो की आय पर भी देखने को मिल रहा है। अधिकारियों के अनुसार प्रतिदिन एक लाख रुपये से अधिक की अतिरिक्त आय दर्ज की जा रही है। देहरादून और हल्द्वानी सहित अन्य क्षेत्रों से भी यात्रियों की आवाजाही में तेजी आई है। एजीएम वर्मा ने आश्वासन दिया कि निगम यात्रियों के आवागमन में किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं आने देगा। वहीं वरिष्ठ लिपिक सूरज भान ने डग्गामार वाहनों के कारण रोडवेज को हो रहे नुकसान पर चिंता जताई और यात्रियों से अपील की कि वे सुरक्षित और सस्ती यात्रा के लिए उत्तराखंड परिवहन निगम की बस सेवाओं का ही उपयोग करें। होली के मद्देनजर परिवहन निगम की यह अतिरिक्त व्यवस्थाएं प्रवासियों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही हैं।
Comments (0)