हरिद्वार में प्रस्तावित कुंभ 2027 को लेकर प्रशासन ने तैयारियों को तेज कर दिया है। इसी क्रम में मेलाधिकारी सोनिका ने शहर के प्रमुख क्षेत्रों तुलसी चौक रेलवे स्टेशन अपर रोड और हरकी पैड़ी सहित कई स्थानों का पैदल निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।
श्रद्धालुओं से किया संवाद
निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी विकास कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कुंभ क्षेत्र में सौंदर्यीकरण के साथ-साथ सुगमता स्वच्छता और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता में शामिल है। इस दौरान उन्होंने स्थानीय व्यापारियों और श्रद्धालुओं से भी संवाद किया और उनसे सुझाव व फीडबैक लिया ताकि व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाया जा सके। साथ ही मनसा देवी पैदल मार्ग मंदिर परिसर प्रमुख घाटों और पुलों के सौंदर्यीकरण एवं नियमित रखरखाव के निर्देश भी दिए गए।
स्नान मार्गों को विशेष रूप से विकसित
मेलाधिकारी ने बताया कि कुंभ मेले के दौरान आंतरिक सड़कों हेरिटेज मार्गों और अमृत स्नान मार्गों को विशेष रूप से विकसित किया जाएगा ताकि श्रद्धालुओं को सुगम आवागमन मिल सके। इसके अलावा श्रद्धालुओं के लिए पेयजल शौचालय यातायात और सुरक्षा जैसी सभी जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया जा रहा है। प्रशासन का लक्ष्य है कि कुंभ 2027 को भव्य सुरक्षित और सुव्यवस्थित तरीके से आयोजित किया जाए जिससे देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।