पश्चिम बंगाल में डायमंड हार्बर के 4 और मगरहाट पश्चिम के 11 बूथों पर पुनर्मतदान शुरू हो गया है। इन सभी बूथों पर शाम 6 बजे तक वोट डाले जाएंगे।चुनाव आयोग ने इन बूथों पर EVM से छेड़छाड़ और झड़प की शिकायतों को देखते हुए दोबारा मतदान कराने का निर्णय लिया था। ये सभी बूथ दक्षिण 24 परगना जिले के अंतर्गत आते हैं।
नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे
राज्य की 294 सीटों पर इस बार रिकॉर्ड 92.84% मतदान दर्ज किया गया। 23 अप्रैल को पहले चरण की 152 सीटों पर 93.19% वोटिंग हुई थी, जबकि 29 अप्रैल को दूसरे चरण की 142 सीटों पर 92.48% मतदान हुआ। नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे।
काउंटिंग और पुनर्मतदान से पहले ममता बनर्जी और सुवेंदु अधिकारी EVM स्ट्रॉन्ग रूम पहुंचे
भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे कोलकाता स्थित सखावत मेमोरियल स्कूल के EVM स्ट्रॉन्ग रूम पहुंचे, जहां वे लगभग 10 मिनट तक रुके। इसी स्ट्रॉन्ग रूम में गुरुवार रात मुख्यमंत्री ममता बनर्जी करीब 4 घंटे तक मौजूद रही थीं।
दरअसल, TMC ने चुनाव अधिकारियों पर बिना सूचना EVM स्ट्रॉन्ग रूम खोलने, मशीनों से छेड़छाड़ और वहां संदिग्ध लोगों की मौजूदगी के आरोप लगाए हैं।