उत्तरप्रदेश में तीन दिन बाद शनिवार को मौसम साफ नजर आया। सुबह से प्रदेशभर में तेज धूप रही, लेकिन बादलों की आवाजाही और ठंडी हवाओं के कारण धूप का असर कम रहा। लोगों को हल्की ठंड का एहसास हुआ। मौसम विभाग ने आज 12 जिलों में आंधी और बारिश की संभावना जताते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है।
10 मई तक लू नहीं चलेगी
मौसम विभाग के अनुसार पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बारिश का असर यूपी के मौसम पर पड़ा है, जिससे तापमान में बदलाव देखने को मिल रहा है। पूरे मई महीने में सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना जताई गई है। महीने के शुरुआती 10 दिनों तक सक्रिय मौसम प्रणालियों के चलते लू से राहत बनी रहेगी। हालांकि इसके बाद तराई क्षेत्रों में लू के दिन सामान्य से अधिक हो सकते हैं, जबकि पूर्वी यूपी में लू सामान्य रहने का अनुमान है।
गोरखपुर, बलिया, देवरिया सहित 8 जिलों में बारिश
इससे पहले शुक्रवार को गोरखपुर, बलिया, देवरिया सहित 8 जिलों में बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा कन्नौज में 54 मिमी, बलरामपुर में 52.6 मिमी, लखीमपुर खीरी में 51.8 मिमी, बरेली में 29 मिमी और गोरखपुर में 23.8 मिमी बारिश हुई। ठंडी हवाओं के कारण प्रदेश के 15 जिलों में अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।
जालौन 43.6°C के साथ प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा
तापमान की बात करें तो जालौन 43.6°C के साथ प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा। इससे पहले 27 अप्रैल को बांदा में पारा 47.6°C तक पहुंच गया था। यानी पिछले 5 दिनों में तापमान में करीब 4°C की गिरावट दर्ज की गई है। वहीं न्यूनतम तापमान हरदोई में सबसे कम 17°C रिकॉर्ड किया गया।