भीषण गर्मी से जूझ रहे देश के बड़े हिस्से में शनिवार को मौसम ने राहत के संकेत दिए हैं। कई राज्यों में तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार 9 राज्यों में आंधी-बारिश के चलते तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।
कश्मीर में लैंडस्लाइड से डोडा-किश्तवाड़ रोड बंद
कश्मीर की चिनाब घाटी में लैंडस्लाइड के चलते डोडा-किश्तवाड़ रोड पूरी तरह बंद हो गई है। सड़क पर मलबा जमा होने से 100 से अधिक वाहन फंस गए हैं। रास्ता साफ करने के लिए मशीनें और कर्मचारी मौके पर तैनात किए गए हैं।
उरई 41.6°C के साथ सबसे गर्म शहर रहा
उत्तरप्रदेश में 15 जिलों का अधिकतम तापमान 30 से 32°C के बीच दर्ज किया गया। उरई 41.6°C के साथ सबसे गर्म शहर रहा, जबकि हरदोई में न्यूनतम तापमान 17°C रिकॉर्ड किया गया।
21 जिलों में बारिश का अलर्ट
मध्यप्रदेश में तेज गर्मी के बीच कई जगहों पर आंधी-बारिश और ओलावृष्टि देखने को मिल रही है। मौसम विभाग ने शनिवार को ग्वालियर सहित 21 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। बीते दो दिनों में प्रदेश के 35 जिलों में बारिश, ओले या आंधी का असर देखा गया है।
बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट
बिहार में भी मौसम विभाग ने बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
16 जिलों में आंधी-बारिश का यलो अलर्ट
राजस्थान में आंधी-बारिश के साथ-साथ गर्मी का असर भी बना हुआ है। शुक्रवार को बाड़मेर और बीकानेर में तापमान 44°C के पार पहुंच गया, जबकि अधिकांश शहरों में पारा 40°C से ऊपर रहा। मौसम विभाग ने अगले 3 से 4 दिनों के लिए 16 जिलों में आंधी-बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।