आगामी कुंभ मेले को दिव्य और भव्य स्वरूप देने की तैयारियां तेजी से आगे बढ़ रही हैं। इसी क्रम में शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने सीसीआर सभागार में कुंभ मेले से जुड़े निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता मानकों के साथ पूरे किए जाएं ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
सड़क स्वच्छता सुविधाओं को प्राथमिकता
मंत्री ने विशेष रूप से सड़क स्वच्छता पेयजल सीवरेज और अन्य बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कुंभ जैसे विशाल धार्मिक आयोजन में व्यवस्थाओं की गुणवत्ता सीधे तौर पर श्रद्धालुओं के अनुभव को प्रभावित करती है इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाएं और कुंभ मेले की गरिमा के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें ताकि हरिद्वार की छवि राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और भी अधिक सुदृढ़ हो सके।
मेले से जुड़े 70 प्रतिशत कार्य पूरे
बैठक में मंत्री ने यह भी जानकारी दी कि कुंभ मेले से जुड़े लगभग 70 प्रतिशत कार्य पूरे हो चुके हैं और शेष कार्यों को भी तय समय सीमा के भीतर पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी परियोजनाएं समय पर पूरी कर ली जाएंगी और कुंभ मेला एक दिव्य भव्य और सुव्यवस्थित आयोजन के रूप में सामने आएगा।
बैठक में संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे जिन्होंने कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा प्रस्तुत की और आगे की कार्ययोजना पर चर्चा की।