लखनऊ में सुबह से बादल छाए हुए हैं। सुबह 8 बजे तक शहर के कई इलाकों में हल्की बारिश भी शुरू हो गई। मौसम विभाग ने लखनऊ के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान दिन में बादलों के साथ गरज-चमक और 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार दिनभर अधिकतर समय बादल छाए रहेंगे, जिससे गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी। गुरुवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 36 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक था। न्यूनतम तापमान 18 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1 डिग्री अधिक था। अधिकतम आर्द्रता 48 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 20 प्रतिशत रही।
उत्तर प्रदेश में अगले कुछ दिनों में दो उत्तरोत्तर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, 27 मार्च को बारिश का पहला दौर पश्चिमी उत्तर प्रदेश से शुरू होकर लखनऊ और पूर्वी उत्तर प्रदेश तक पहुँचेगा।
इसके बाद 28 मार्च को मौसम साफ और शुष्क रहेगा। 29 मार्च से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण 29 से 31 मार्च तक पूरे प्रदेश में फिर से बारिश का दौर चलने की संभावना है।