रुड़की के बुग्गावाला क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है जिसने पूरे इलाके को शोक और दहशत में डाल दिया है। थाना बुग्गावाला क्षेत्र के बंजारेवाला गांव में एक 12 वर्षीय मासूम बच्चे को मगरमच्छ ने अपना शिकार बना लिया।
बच्चे के शव बरामद
जानकारी के अनुसार गांव निवासी रामकुमार का 12 वर्षीय बेटा राम रहीम स्टोन क्रेशर के पास मौजूद था। इसी दौरान पानी में छिपे एक मगरमच्छ ने अचानक उस पर हमला कर दिया। इससे पहले कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते मगरमच्छ बच्चे को अपने जबड़ों में दबाकर पानी के भीतर खींच ले गया। घटना की सूचना मिलते ही बुग्गावाला थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से काफी देर तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद बच्चे के शव को बरामद किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
ग्रामीणों से की अपील
थाना प्रभारी अंकुर शर्मा ने बताया कि बच्चे पर मगरमच्छ के हमले की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर लिया गया। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि वे नदी नहर और जलभराव वाले इलाकों से दूर रहें ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। एक मासूम की असमय मौत ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।