श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन अब पूरी तरह सख्त रुख में नजर आ रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने अपर रोड और मां मनसा देवी उड़न खटोला मार्ग का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए साफ निर्देश दिए कि सड़क और फुटपाथ पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण अब बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अधिकारियों ने दुकानदारों को दी चेतावनी
अधिकारियों ने मौके पर मौजूद दुकानदारों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि वे अपनी दुकानों को निर्धारित सीमा यानी नाली के अंदर ही रखें। यदि किसी भी प्रकार से दुकानें सड़क या फुटपाथ तक फैली पाई गईं तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि अतिक्रमण के कारण श्रद्धालुओं की आवाजाही प्रभावित होती है और दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ता है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मां मनसा देवी उड़न खटोला के टिकट घर के आसपास संचालित हो रही दुकानों पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने मौके पर ही कई दुकानों को हटवाया और संबंधित संचालक को सख्त निर्देश दिए कि भविष्य में इस तरह की लापरवाही दोबारा सामने नहीं आनी चाहिए। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई तय की गई है।
सीवरेज कार्यों की समीक्षा
इसके अलावा अधिकारियों ने अपर रोड पर चल रहे सीवरेज कार्यों की भी समीक्षा की। कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए कार्यदाई संस्था को निर्देश दिए गए कि काम को तेजी से पूरा किया जाए ताकि स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि तीर्थ स्थल पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुगम आवागमन और बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है और इसके लिए नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा।