लखनऊ - योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि 2014 से पहले उत्तर प्रदेश में हर बड़े त्योहार से पहले कर्फ्यू लगना आम बात थी। उस समय दंगे, तनाव और अराजकता का माहौल बना रहता था। लेकिन अब स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है और प्रदेश में शांति और सौहार्द का वातावरण है।
यूपी में अब सब चंगा है
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में सभी जाति और धर्म के लोग मिल-जुलकर त्योहार मना रहे हैं। होलिका दहन से लेकर अन्य पर्व तक, सामाजिक समरसता का उदाहरण देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा, “अब सब चंगा है।”
पीएम मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति कर रहा
सीएम योगी ने वैश्विक परिदृश्य का जिक्र करते हुए कहा कि जहां दुनिया के कई हिस्सों में अशांति, अस्थिरता और संघर्ष की स्थिति है, वहीं भारत स्थिर और मजबूत नेतृत्व में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति कर रहा है और यह हर भारतीय के लिए गर्व की बात है।
होली के पर्व को लेकर सीएम ने प्रदेशवासियों से की विशेष अपील
होली के पर्व को लेकर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से विशेष अपील भी की। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान आपत्तिजनक गाने न बजाए जाएं और किसी पर जबरन रंग न लगाया जाए। उन्होंने लोगों से शांति, सौहार्द और मर्यादा के साथ होली मनाने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि त्योहार समाज को जोड़ने का माध्यम हैं, इसलिए सभी को जिम्मेदारी के साथ उत्सव मनाना चाहिए, ताकि प्रदेश की शांति और सद्भावना बनी रहे।
Comments (0)