उत्तरप्रदेश में गर्मी का असर बढ़ते ही बिजली की मांग में तेजी आ गई है। इसे देखते हुए योगी सरकार पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर उत्तरप्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPPCL) ने सभी अधिकारियों को बिजली व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के सख्त निर्देश जारी किए हैं।
UPPCL के अध्यक्ष डॉ. आशीष गोयल ने कहा कि गर्मियों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए अभी से सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं। उन्होंने ट्रांसफार्मरों की नियमित निगरानी और रखरखाव पर विशेष जोर दिया है ताकि किसी भी तरह की खराबी से आपूर्ति बाधित न हो।
ट्रांसफार्मर खराब होने पर होगी कार्रवाई
डॉ. गोयल ने बताया कि ट्रांसफार्मर रखरखाव के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध कराया गया है। हर ट्रांसफार्मर पर फ्यूज और टेललेस यूनिट लगाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि लापरवाही के कारण ट्रांसफार्मर फुंकते हैं तो संबंधित अधिकारियों और फर्मों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अधूरे कार्यों पर सख्ती
अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि जहां काम अधूरे हैं, वहां जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पर्याप्त संख्या में कर्मचारी मौजूद हैं, इसलिए किसी भी स्थिति में बिजली आपूर्ति बाधित नहीं होनी चाहिए और सप्लाई शेड्यूल के अनुसार ही दी जाए।
लखनऊ में ट्रिपिंग पर रोक के निर्देश
UPPCL अध्यक्ष ने राजधानी लखनऊ में बिजली व्यवस्था सुचारु रखने के लिए विशेष निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि लखनऊ में किसी भी तरह की ट्रिपिंग नहीं होनी चाहिए।