सिलीगुड़ी (पश्चिम बंगाल) – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिलीगुड़ी में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए पश्चिम बंगाल की सत्ताधारी पार्टी तृणमूल कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि दार्जिलिंग और सिलीगुड़ी की जनता ने हमेशा उन्हें समर्थन दिया है और हाल के रोड शो में उमड़ी भीड़ इस बात का संकेत है कि बंगाल अब बदलाव चाहता है।
टीएमसी पर तीखा हमला
नरेंद्र मोदी ने आरोप लगाया कि पिछले 15 वर्षों में बंगाल का विकास बाधित हुआ है और राज्य में भ्रष्टाचार व सिंडिकेट राज हावी रहा। उन्होंने कहा कि केंद्र से भेजा गया पैसा जनता तक नहीं पहुंच पाया।
चार मई के बाद सरकार बदलने का दावा
प्रधानमंत्री ने दावा किया कि चार मई के बाद राज्य में भाजपा की सरकार बनेगी और इसके बाद हर फैसले और हर पैसे का हिसाब लिया जाएगा।
नॉर्थ बंगाल और सिलीगुड़ी कॉरिडोर पर बयान
पीएम मोदी ने सिलीगुड़ी कॉरिडोर को “मां भारती की भुजा” बताते हुए कहा कि यह क्षेत्र रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण है, लेकिन टीएमसी ने विकास को नजरअंदाज किया।
युवा, चाय बागान और विकास का वादा
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने पर चाय बागान श्रमिकों को पक्के घर, जमीन के पट्टे और बेहतर सुविधाएं दी जाएंगी। साथ ही नॉर्थ बंगाल में स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी बनाने की भी घोषणा की।
भ्रष्टाचार पर बड़ा हमला
नरेंद्र मोदी ने टीएमसी को चेतावनी देते हुए कहा कि 15 सालों के हर काम और हर पैसे का हिसाब देना होगा।