देहरादून में उत्तराखंड की क्षेत्रीय राजनीति को प्रभावित करने वाला एक अहम घटनाक्रम सामने आया है। यहां आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान उत्तराखंड स्वाभिमान मोर्चा के 12 से 14 प्रमुख नेताओं सहित सैकड़ों समर्थकों ने उत्तराखंड क्रांति दल यूकेडी की सदस्यता ग्रहण कर ली।
प्रदेश की जनता हो रही जागरूक
इस मौके पर यूकेडी नेताओं ने इसे पार्टी के बढ़ते जनाधार और क्षेत्रीय मुद्दों पर मिल रहे समर्थन का संकेत बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब अपने हक और पहचान से जुड़े मुद्दों को लेकर अधिक जागरूक हो रही है और क्षेत्रीय दलों के प्रति विश्वास भी बढ़ रहा है।
प्रेस वार्ता के दौरान पार्टी नेताओं ने मूल निवास सशक्त भू-कानून जल-जंगल-जमीन पलायन रोजगार पर्यावरण संरक्षण और सांस्कृतिक अस्मिता जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि यूकेडी इन सभी विषयों पर लगातार संघर्ष करती रही है और आगे भी प्रदेश के हितों की रक्षा के लिए मजबूती से आवाज उठाती रहेगी।
नेताओं ने यह भी स्पष्ट किया कि आने वाले समय में इन जनसरोकारों को लेकर व्यापक स्तर पर आंदोलन चलाया जाएगा ताकि उत्तराखंड के लोगों के अधिकारों को सुनिश्चित किया जा सके। इस घटनाक्रम को प्रदेश की क्षेत्रीय राजनीति में एक नए समीकरण के रूप में देखा जा रहा है जो आगामी राजनीतिक गतिविधियों पर प्रभाव डाल सकता है।
Comments (0)