मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि हर पदक के पीछे संघर्ष, अनुशासन और अटूट संकल्प की कहानी होती है। केवल भाग्य से सफलता नहीं मिलती, बल्कि कड़ी मेहनत और निरंतर प्रयास ही लक्ष्य तक पहुंचाते हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि जितना अधिक परिश्रम होगा, जीत उतनी ही करीब होगी।
सीएम ने नियुक्ति पत्र पाने वाले, लक्ष्मण व रानी लक्ष्मीबाई पुरस्कार से सम्मानित खिलाड़ियों और पदक विजेताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि इन पुरस्कारों की राशि बढ़ाई जाए। अगले वर्ष से 3.11 लाख रुपये की जगह इसे बढ़ाकर 10-10 लाख रुपये करने का प्रस्ताव तैयार किया जाए। इसके लिए उन्होंने खेल विभाग को आवश्यक निर्देश भी दिए।
उन्होंने खिलाड़ियों से अपील की कि वे खेल को अपनी दिनचर्या का अहम हिस्सा बनाएं और कड़ी मेहनत के बल पर देश के लिए पदक जीतें। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को हर संभव सहयोग और समर्थन प्रदान करेगी।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यह संबोधन लोकभवन में आयोजित अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के सम्मान समारोह में दे रहे थे।