हावड़ा/कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण का मतदान संपन्न होते ही सियासी भविष्यवाणियों का दौर शुरू हो गया है। तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने शुक्रवार को जगतबल्लभपुर की जनसभा से बड़ा दावा करते हुए कहा कि ममता बनर्जी की टीम पहले ही जीत का 'शतक' पार कर चुकी है। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि 10 दिन बाद आने वाले नतीजे उनके इस दावे पर मुहर लगा देंगे।
"जब मैं भविष्यवाणी करता हूँ, तो वह सच होती है"
अभिषेक बनर्जी ने अपने पुराने ट्रैक रिकॉर्ड का हवाला देते हुए कहा, "मैं आमतौर पर भविष्यवाणियाँ नहीं करता, लेकिन जब करता हूँ तो वह सटीक बैठती हैं। 2021 में भी मेरी बात सही साबित हुई थी, 2024 में भी और अब 2026 में भी यही होगा। कल के मतदान के साथ ही टीएमसी 100 सीटों का आंकड़ा पार कर चुकी है।"
अमित शाह पर तीखा पलटवार
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा पहले चरण की 152 सीटों में से 110+ सीटें जीतने के दावे पर अभिषेक ने तंज कसा। उन्होंने कहा, "भाजपा के अंदर अब छटपटानी (बेचैनी) शुरू हो गई है। कल के बाद से उनके नेता पत्रकारों को फोन कर रहे हैं। गुजरात से आए लोग बंगाल की धरती पर आकर हमें 'उल्टा लटकाने' की धमकी देते हैं, लेकिन बंगाल की जनता उन्हें बैलेट के जरिए जवाब दे रही है।"
'पानी पीजिए' वाले बयान पर सफाई
अमित शाह द्वारा 'अपमान' के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए अभिषेक ने कहा, "मैंने सिर्फ इतना कहा था कि गर्मी बढ़ रही है, ज्यादा पानी पीजिए। इसमें अपमान कैसा? दरअसल, भाजपा हार के डर से बौखला गई है।" अभिषेक ने स्पष्ट किया कि बाहरी ताकतों और 'गुजरात के गुंडों' के आगे बंगाल की जनता झुकने वाली नहीं है।