कोलकाता/दिल्ली: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान से पहले राज्य की राजनीति में एक बड़ी हलचल देखने को मिल रही है। आम आदमी पार्टी (AAP) के मुखिया और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी के पक्ष में चुनाव प्रचार करने बंगाल आ रहे हैं।
दो दिवसीय बंगाल दौरा
आप सूत्रों के अनुसार, अरविंद केजरीवाल 26 और 27 अप्रैल को कोलकाता में रहेंगे। इस दौरान उनका मुख्य फोकस भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र पर होगा। बता दें कि भवानीपुर सीट पर इस बार मुकाबला बेहद दिलचस्प है, जहाँ मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के सामने विपक्ष के कद्दावर नेता शुभेंदु अधिकारी मैदान में हैं।
फोट आलाप के बाद तय हुआ कार्यक्रम
इस दौरे की नींव बुधवार को ही पड़ गई थी जब केजरीवाल ने ममता बनर्जी से फोन पर बात की थी। केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर इस बातचीत का जिक्र करते हुए लिखा था:
"मैंने अभी ममता दीदी से बात की और उनके प्रति अपनी पूर्ण एकजुटता और समर्थन व्यक्त किया। वह सबसे कठिन लड़ाइयों में से एक लड़ रही हैं, जो भारतीय लोकतंत्र के लिए भी महत्वपूर्ण है। संस्थानों के दुरुपयोग के बावजूद मोदी जी हारेंगे।"
सियासी मायने और कार्यक्रम
29 अप्रैल को दूसरे चरण के तहत भवानीपुर में मतदान होना है। तृणमूल कांग्रेस के सूत्रों के मुताबिक, अपने दो दिनों के प्रवास के दौरान केजरीवाल न केवल जनसभाएं करेंगे, बल्कि रोड शो के जरिए भी ममता बनर्जी के लिए समर्थन जुटाएंगे।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि केजरीवाल का बंगाल आना 'इंडिया' गठबंधन की एकजुटता का संदेश देने की कोशिश है। खासतौर पर भवानीपुर जैसे हाई-प्रोफाइल निर्वाचन क्षेत्र में केजरीवाल की मौजूदगी हिंदी भाषी और शहरी मतदाताओं को प्रभावित कर सकती है। अब देखना यह है कि 'आप' प्रमुख की यह एंट्री भवानीपुर के चुनावी समीकरणों को कितना बदल पाती है।