बाली विधानसभा क्षेत्र में देर रात उस समय तनाव की स्थिति बन गई जब तृणमूल कांग्रेस के कई कार्यकर्ताओं, बूथ अध्यक्षों सहित अन्य कार्यकर्ताओं को पुलिस और केंद्रीय बल ने हिरासत में ले लिया। कार्रवाई बाली सतीश चक्रवर्ती लेन, बाली पुराने पोस्ट ऑफिस समेत आसपास के कई क्षेत्रों में की गई, जहां से एक-एक कर कार्यकर्ताओं को उठाया गया।
केंद्रीय बल और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय बल और हावड़ा सिटी पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। अचानक हुई इस कार्रवाई से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय स्तर पर राजनीतिक माहौल गरमा गया।
मौके पर पहुंचे तृणमूल प्रत्याशी कैलाश मिश्रा
घटना की जानकारी मिलते ही बाली विधानसभा क्षेत्र के तृणमूल प्रत्याशी कैलाश मिश्रा मौके पर पहुंचे। इस दौरान उनकी पुलिस अधिकारियों के साथ तीखी बहस भी हुई, जिससे स्थिति और अधिक तनावपूर्ण हो गई।
बेलूर थाने के सामने विरोध-प्रदर्शन
इसके बाद देर रात बेलूर थाने के बाहर तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और प्रत्याशी कैलाश मिश्रा ने धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। कार्यकर्ताओं ने हिरासत में लिए गए लोगों की रिहाई की मांग करते हुए विरोध जताया, जिससे क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी और बढ़ गई।