बनगांव: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के प्रचार के बीच बनगांव दक्षिण क्षेत्र में हिंसा की गंभीर घटना सामने आई है। गोपालनगर थाना क्षेत्र के चौती इलाके में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ की प्रचार गाड़ी को निशाना बनाकर हमला किया गया। इस दौरान वाहन में तोड़फोड़ के साथ कथित रूप से फायरिंग की भी बात सामने आई है, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
TMC ने BJP पर लगाए गंभीर आरोप
TMC प्रत्याशी ऋतुपर्णा आढ़्य ने आरोप लगाया कि उनका प्रचार वाहन जैसे ही चौती इलाके से गुजर रहा था, तभी भाजपा उम्मीदवार स्वपन मजूमदार के नेतृत्व में कुछ लोगों ने हमला कर दिया। उनके मुताबिक हमलावरों ने लाठी-डंडों और अन्य हथियारों से गाड़ी को क्षतिग्रस्त किया और कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की। घटना में दो कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें बनगांव सब-डिविजनल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो पार्टी सड़कों पर उतरकर विरोध करेगी।
BJP ने आरोपों को बताया बेबुनियाद
वहीं भाजपा उम्मीदवार स्वपन मजूमदार ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि वे अपने समर्थकों के साथ लौट रहे थे, तभी TMC समर्थकों ने उनकी गाड़ी पर हमला कर दिया। उन्होंने दावा किया कि उनके कार्यकर्ताओं के साथ भी मारपीट की गई और इस संबंध में प्रशासन से शिकायत की गई है।
इलाके में तनाव, पुलिस तैनात
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को मौके पर तैनात किया गया है और हालात पर नजर रखी जा रही है। प्रशासन दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर जांच में जुट गया है।