बारानगर - पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव में पहले चरण के तहत 152 सीटों पर मतदान संपन्न हो चुका है और दूसरे चरण के लिए राजनीतिक दलों की ओर से चुनाव प्रचार तेज कर दिया गया है। इस दौरान इन नेताओं के बीच जमकर जुबानी जंग देखने को मिल रही है। इसी क्रम में आज यानी की शनिवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बारानगर में विशाल रोड शो का नेतृत्व किया।
पूरा वातावरण अब भगवामय हो चुका है
रोड शो के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने लोगों से मिल रहे प्यार के लिए उनका आभार जताया। उन्होंने कहा कि, पश्चिम बंगाल अब अपनी खोई हुई गरिमा वापस पाने और भय की राजनीति को हमेशा के लिए खारिज करने के लिए पूरी तरह तैयार है। सड़कों पर जो रुझान दिख रहा है, वह स्पष्ट संकेत दे रहा है कि बंगाल में भाजपा की सरकार बनेगी। चार मई को कमल खिलने वाला है। पूरा वातावरण अब भगवामय हो चुका है।
टीएमसी की गुंडागर्दी का अंतिम दौर है
वहीं पहले चरण के तहत हुई वोटिंग के दौरान भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशियों पर हुए हमलों का जिक्र करते हुए बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि, यह टीएमसी की गुंडागर्दी का अंतिम दौर है। इसके साथ इस दौरान उन्होंने कहा कि, जनता अब बदलाव चाहती है और 4 मई को पश्चिम बंगाल में भाजपा का कमल खिला हुआ दिखाई देगा। रोड शो के दौरान लोगों से अपील करते हुए बीजेपी नेता कहा कि, वे भयमुक्त होकर वोट दें और बंगाल को सुशासन व विकास की राह पर ले जाएं।
केजरीवाल का नाम भ्रष्टाचार से जोड़ा जा रहा
वहीं आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल के करीबी राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा और 6 अन्य सांसदों के आप छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने पर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि, अरविंद केजरीवाल का नाम बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार से जोड़ा जा रहा है, तो इससे पार्टी के भीतर काफी असंतोष पैदा होता है। इसी के चलते, कुछ सांसदों ने पार्टी छोड़ने का फैसला किया है।
पीएम मोदी पर लोगों का भरोसा बढ़ रहा
नितिन नवीन ने आगे कहा कि, यह इस बात का संकेत है कि पूरे देश में, पीएम नरेंद्र मोदी पर लोगों का भरोसा बढ़ रहा है। नितिन नवीन के हालिया एक्स पोस्ट के अनुसार, उन्होंने भाजपा के पार्टी मुख्यालय में राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल का स्वागत किया। बीजेपी अध्यक्ष ने हरभजन सिंह, स्वाति मालीवाल, विक्रम साहनी और राजिंदर गुप्ता को पीएम मोदी के गतिशील नेतृत्व में काम करने के लिए शुभकामनाएं दी।