बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे चरण से ठीक पहले उत्तर 24 परगना के भाटपाड़ा इलाके में हिंसा भड़क उठी। भाजपा प्रत्याशी पवन सिंह के आवास के बाहर अचानक हुई गोलीबारी में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) का एक जवान घायल हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में भारी तनाव फैल गया।
कैसे भड़की हिंसा?
जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत जगदल इलाके से हुई, जहां एक राजनीतिक झंडा लगाने को लेकर दोनों दलों के समर्थक आमने-सामने आ गए। मामला बढ़ते-बढ़ते थाने तक पहुंच गया और फिर स्थिति हाथापाई और पथराव में बदल गई।
पवन सिंह के घर के बाहर फायरिंग
थाने के पास तनाव शांत होने के कुछ समय बाद भाजपा प्रत्याशी पवन सिंह के घर के बाहर गोलीबारी और देसी बम फेंके जाने की घटना सामने आई। इसी दौरान सुरक्षा में तैनात CISF जवान योगेश शर्मा के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।
चुनाव आयोग ने मांगी रिपोर्ट
घटना की गंभीरता को देखते हुए निर्वाचन आयोग ने तुरंत प्रशासन से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। वहीं पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए कुछ लोगों को हिरासत में लिया है और जांच जारी है।
इलाके में बढ़ाई गई सुरक्षा
तनावपूर्ण हालात को देखते हुए बैरकपुर और भाटपाड़ा में अतिरिक्त केंद्रीय बलों की तैनाती की गई है। संवेदनशील बूथों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
राजनीतिक बयानबाजी तेज
टीएमसी और भाजपा दोनों ही पार्टियां एक-दूसरे पर हमले का आरोप लगा रही हैं। जहां टीएमसी का कहना है कि उनके कार्यकर्ताओं पर हमला हुआ, वहीं भाजपा ने इसे अपने प्रत्याशी और समर्थकों को निशाना बनाने की साजिश बताया है।