कोलकाता/दक्षिण बंगाल: राज्य में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत बुधवार को दक्षिण बंगाल के सात जिलों में मतदान जारी रहा, लेकिन इस दौरान मौसम ने भी अपना रंग दिखाया। सुबह से छाए बादलों के बीच दोपहर होते-होते कई इलाकों में बारिश शुरू हो गई, जिससे मतदान केंद्रों के बाहर छाता लिए मतदाताओं की लंबी कतारें नजर आईं।
मौसम ने बढ़ाई चुनौती
सुबह से ही कोलकाता और आसपास के क्षेत्रों में आसमान बादलों से घिरा रहा। समय के साथ बादल घने हुए और हल्की से मध्यम बारिश का दौर शुरू हो गया। मौसम विभाग ने दिनभर गरज-चमक के साथ बारिश और 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका जताई है, जिससे मतदान प्रक्रिया पर आंशिक असर पड़ा।
जिलों में भी बारिश का असर
कोलकाता के अलावा हावड़ा और हुगली के कई इलाकों में भी बारिश देखी गई। डोमजूर विधानसभा क्षेत्र के निश्चिंदा इलाके में स्थित एक मतदान केंद्र पर लोगों को करीब दो घंटे तक छाता लेकर लाइन में खड़े रहकर मतदान करते देखा गया। बारिश के बावजूद मतदाताओं का उत्साह कम नहीं हुआ और वे अपने मताधिकार का प्रयोग करने पहुंचे।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी दिखा असर
दक्षिण 24 परगना के जयनगर और कुलतली समेत हावड़ा के ग्रामीण इलाकों और अन्य क्षेत्रों में भी बारिश ने दस्तक दी। कई जगहों पर तेज हवाओं के साथ बारिश होने से मतदान केंद्रों के बाहर व्यवस्था बनाए रखना चुनौतीपूर्ण रहा, लेकिन इसके बावजूद लोग लगातार वोट डालने पहुंचते रहे।
आने वाले दिनों का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण बंगाल में अगले कुछ दिनों तक मौसम ऐसा ही बना रह सकता है। गुरुवार तक कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है, जबकि शुक्रवार से इसमें थोड़ी कमी आ सकती है। हालांकि रविवार तक कोलकाता सहित पूरे दक्षिण बंगाल में रुक-रुक कर बारिश जारी रहने के आसार हैं।