कोलकाता : पश्चिम बंगाल में नई सरकार के गठन के बाद शिक्षक भर्ती मामले में बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया गया है। राज्य स्कूल सर्विस कमीशन (SSC) ने वर्ष 2016 की शिक्षक एवं शिक्षा कर्मी भर्ती परीक्षा की OMR शीट आधिकारिक वेबसाइट पर जारी करने की अधिसूचना प्रकाशित कर दी है। इस फैसले को लंबे समय से चल रहे भर्ती विवाद में अहम कदम माना जा रहा है।
सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद हुई कार्रवाई
बताया जा रहा है कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर सीबीआइ से प्राप्त हार्ड डिस्क के आधार पर SSC ने परीक्षार्थियों की OMR शीट अपलोड की है। शिक्षक भर्ती भ्रष्टाचार मामले में अदालत द्वारा पूरा पैनल रद्द किए जाने के बाद 26 हजार से अधिक शिक्षकों और शिक्षा कर्मियों की नौकरियां चली गई थीं।
OMR शीट को लेकर उठते रहे थे सवाल
भर्ती प्रक्रिया को लेकर लंबे समय से अभ्यर्थियों और विभिन्न संगठनों की ओर से OMR शीट सार्वजनिक करने की मांग की जा रही थी। आरोप लगाए गए थे कि कई OMR शीट नष्ट कर दी गईं या उनमें कथित तौर पर गड़बड़ी की गई। इसी मुद्दे पर कलकत्ता हाई कोर्ट में लगातार सुनवाई चल रही थी।
हाई कोर्ट के पुराने आदेश को अब मिली मंजूरी
कलकत्ता हाई कोर्ट ने वर्ष 2024 में करीब 22 लाख OMR शीट सार्वजनिक करने का निर्देश दिया था, लेकिन उस समय आयोग ने आदेश का पालन नहीं किया था। अब नई सरकार के गठन के बाद SSC ने अदालत के निर्देश को लागू करते हुए OMR शीट सार्वजनिक करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
नई भर्ती प्रक्रिया को लेकर भी बढ़ा विवाद
नौकरी गंवा चुके करीब 19 हजार योग्य अभ्यर्थियों के लिए SSC ने अदालत के निर्देश पर नई भर्ती प्रक्रिया शुरू की थी। दोबारा परीक्षा भी आयोजित की गई, लेकिन कई पुराने योग्य उम्मीदवार नई परीक्षा में सफल नहीं हो सके। इसके बाद भर्ती प्रक्रिया को लेकर असंतोष और विवाद और अधिक बढ़ गया।