कोलकाता। पश्चिम बंगाल की हाई-प्रोफाइल भवानीपुर सीट की मतगणना के दौरान सोमवार को सखावत मेमोरियल स्कूल के बाहर जबरदस्त तनाव देखने को मिला। जैसे ही मुख्यमंत्री ममता बनर्जी मतगणना केंद्र पहुंचीं, वहां मौजूद भाजपा समर्थकों ने ‘चोर-चोर’ के नारे लगाने शुरू कर दिए। इस दौरान पूरे इलाके में तनावपूर्ण माहौल बन गया और सुरक्षा व्यवस्था को तुरंत कड़ा कर दिया गया।
पहले से मौजूद थी भीड़, बढ़ा विवाद
सूत्रों के अनुसार, मतगणना केंद्र के पास पहले से ही भाजपा कार्यकर्ताओं की भीड़ मौजूद थी। ममता के पहुंचने से पहले ही माहौल गरम हो चुका था। इसी दौरान एजेसी बोस रोड की ओर से आए भाजपा समर्थकों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई, जिससे स्थिति और बिगड़ गई।
कुर्सियां तोड़ने और हंगामे के आरोप
आरोप है कि भाजपा समर्थकों ने तृणमूल कांग्रेस के अस्थायी कैंप में पहुंचकर कुर्सियों में तोड़फोड़ की। इसके बाद इलाके में हंगामा और बढ़ गया। पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश की।
केंद्रीय बल और पुलिस तैनात, भीड़ हटाई गई
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मतगणना केंद्र के आसपास केंद्रीय बल और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिए गए। भीड़ को वहां से हटाया गया और सुरक्षा बढ़ा दी गई। भाजपा समर्थकों ने इस दौरान ‘गो बैक’ के नारे भी लगाए।
भवानीपुर सीट पर कांटे की टक्कर
भवानीपुर विधानसभा सीट पर कुल 20 राउंड की मतगणना होनी है, जिसमें से 12 राउंड पूरे हो चुके हैं। शुरुआती राउंड में ममता बनर्जी और विपक्षी उम्मीदवार के बीच लगातार बढ़त बदलती रही। अभी भी मतगणना जारी है और मुकाबला बेहद रोमांचक स्थिति में पहुंच गया है।