रायपुर। छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर और जिला कार्यालय एकात्म परिसर में चुनावी रुझानों के बीच जश्न का माहौल देखने को मिला। कार्यकर्ता मिठाई बांटकर एक-दूसरे को बधाई दे रहे हैं। ढोल-नगाड़ों की धुन पर कार्यकर्ता नाचते नजर आए। इस मौके पर बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का बयान
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पांच राज्यों के चुनावी नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि रुझानों पर लगातार नजर रखी जा रही है। उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में एनडीए की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि बीजेपी को अच्छा समर्थन मिल रहा है और पश्चिम बंगाल की जनता टीएमसी से मुक्ति चाहती है।
कांग्रेस ने लगाए गंभीर आरोप
वहीं छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल और असम में जनादेश को प्रभावित किया गया है। दीपक बैज ने कहा कि ED, CBI, चुनाव आयोग, पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल कर चुनाव को प्रभावित किया गया। उनका आरोप है कि भारी संख्या में केंद्रीय बल तैनात कर पहली बार इस तरह जनादेश “चुराया” गया है। उन्होंने यह भी कहा कि ममता बनर्जी के हाथ से सत्ता छीनने की कोशिश की गई है और चुनाव प्रक्रिया को बीजेपी के पक्ष में मोड़ा गया है।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव का पलटवार
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि देश की नजर इन चुनाव परिणामों पर है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने बदलाव का संकेत दिया है—“अंधेरा छंटेगा, सूरज निकलेगा और कमल खिलेगा।”
अरुण साव ने दावा किया कि बंगाल में टीएमसी को जनता ने नकार दिया है। उन्होंने आगे कहा कि असम में कांग्रेस के तमाम प्रयासों के बावजूद बीजेपी सरकार बना रही है। साथ ही पुडुचेरी और तमिलनाडु में भी बीजेपी की स्थिति मजबूत बताई।