कोलकाता/पूर्व मेदिनीपुर: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों के लिए सोमवार को ईवीएम (EVM) के पिटारे खुलने वाले हैं। लेकिन किस्मत का फैसला होने से ठीक पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में पूर्व मेदिनीपुर में भाजपा की एक विशेष 'चुनावी कार्यशाला' आयोजित की गई, जिसमें पार्टी के दिग्गज नेताओं ने शिरकत की।
दिग्गजों की मौजूदगी में बनी रणनीति
इस महत्वपूर्ण बैठक में राज्य भाजपा पर्यवेक्षक सुनील बंसल, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य और खड़गपुर से उम्मीदवार दिलीप घोष मुख्य रूप से उपस्थित रहे। बैठक में पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर और झाड़ग्राम की 36 विधानसभा सीटों के उम्मीदवारों और उनके काउंटिंग एजेंटों को मतगणना के दिन की बारीकियों से अवगत कराया गया।
"जनता की अदालत में हार चुकी है टीएमसी"
बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए दिलीप घोष ने ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर तीखा हमला बोला। टीएमसी द्वारा चुनाव आयोग के खिलाफ अदालत जाने के फैसले पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा: "जो लोग जनता की अदालत में हार चुके हैं, वे कानूनी अदालतों में भी हारेंगे। हाई कोर्ट में हारने के बाद अब सुप्रीम कोर्ट जाने से कुछ नहीं होगा। यह सब केवल मीडिया में बने रहने और हताश कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने की कोशिश है।"
4 मई को नई सरकार का दावा
दिलीप घोष ने आत्मविश्वास जताते हुए कहा कि बंगाल की संस्कृति को जानने वाले समझते हैं कि इस बार का चुनाव कैसा रहा। उन्होंने दावा किया कि 4 मई को भाजपा के नेतृत्व में बंगाल में नई सरकार का उदय होगा।गौरतलब है कि इस बार चुनाव में हिंसा की छिटपुट घटनाओं के बीच दो चरणों का मतदान संपन्न हुआ है। अब पूरे देश की निगाहें पश्चिम बंगाल के चुनावी नतीजों पर टिकी हैं, जिससे पहले बीजेपी की यह 'काउंटिंग क्लास' काफी अहम मानी जा रही है।