कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे चरण के मतदान से पहले मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज अग्रवाल ने साफ कर दिया है कि मतदाताओं को डराने-धमकाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मतदान के दिन पूरी व्यवस्था नियंत्रण में रहेगी और किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अजय पाल शर्मा की रिपोर्ट पर होगा एक्शन
सीईओ मनोज अग्रवाल ने कहा कि अजय पाल शर्मा दक्षिण 24 परगना के जिला पुलिस पर्यवेक्षक हैं और वे जो रिपोर्ट देंगे, उसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस को जो भी सहयोग चाहिए होगा, प्रशासन पूरी मदद करेगा।
ट्रिब्यूनल में 1468 नाम जुड़े, 6 हटे
उन्होंने जानकारी दी कि ट्रिब्यूनल में 1468 नाम जोड़े गए हैं, जबकि 6 नाम हटाए गए हैं। चुनावी प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाए रखने के लिए लगातार समीक्षा की जा रही है।
कंट्रोल रूम से हो रही निगरानी
सीईओ ने बताया कि कंट्रोल Room पूरी तरह सक्रिय है और कार्य सूची तैयार कर ली गई है। प्रशासन का काम पुलिस को सूचना देना है, जबकि जांच और कार्रवाई की जिम्मेदारी पुलिस की है। जिन लोगों के खिलाफ शिकायतें हैं, अगर वे मतदान के दिन गड़बड़ी करते हैं, तो पुलिस तुरंत कार्रवाई करेगी।
टोल-फ्री नंबर पर करें शिकायत
मतदाताओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए टोल-फ्री नंबर 1800345008 जारी किया गया है। मनोज अग्रवाल ने कहा कि यदि किसी को धमकी दी जाती है, तो वे तुरंत शिकायत दर्ज करा सकते हैं। शिकायत मिलते ही उसे पुलिस तक पहुंचाया जाएगा।
जहां जरूरत, वहां क्लोज मॉनिटरिंग
उन्होंने स्पष्ट कहा कि जहां-जहां अतिरिक्त निगरानी की जरूरत होगी, वहां क्लोज मॉनिटरिंग की जाएगी। वोटरों को डराना गैरकानूनी है और ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।
वीडियो विवाद पर भी दिया जवाब
अजय पाल शर्मा को लेकर वायरल वीडियो पर सीईओ ने कहा कि उन्होंने वह वीडियो नहीं देखा है। यदि इस मामले में कोई औपचारिक शिकायत आती है, तो उसकी जांच की जाएगी।