कोलकाता - पश्चिम बंगाल की सत्ता संभालने के बाद मुख्यमंत्री शुवेंदु अधिकारी पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। सोमवार को राज्य सचिवालय नवान्न में उन्होंने शीर्ष प्रशासनिक अधिकारियों और विभिन्न विभागों के सचिवों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की, जिसमें उनके सख्त तेवर साफ दिखाई दिए।
“हां में हां” मिलाना बंद करें
सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री शुवेंदु अधिकारी ने बैठक के दौरान अधिकारियों से स्पष्ट शब्दों में कहा कि वे हर बात पर सिर्फ “हां में हां” मिलाना बंद करें और राज्य के विकास व जनहित को ध्यान में रखते हुए अपनी स्पष्ट राय और सुझाव रखें। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से निर्भय होकर काम करने की अपील की।
किसी तरह का डर रखने की जरूरत नहीं
मुख्यमंत्री शुवेंदु अधिकारी ने अधिकारियों को भरोसा दिलाया कि ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ काम करने वालों को किसी तरह का डर रखने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार सही तरीके से काम करने वाले अधिकारियों के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी।
जनता से जुड़े मुद्दों का त्वरित समाधान करें
बैठक में राज्य के विकास कार्यों, प्रशासनिक सुधारों और सरकारी योजनाओं की प्रभावी निगरानी पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री शुवेंदु अधिकारी ने विभागीय सचिवों को समयबद्ध तरीके से योजनाओं को लागू करने और जनता से जुड़े मुद्दों के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
नई सरकार अधिकारियों से जवाबदेही और परिणाम दोनों चाहती है
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सत्ता संभालने के तुरंत बाद मुख्यमंत्री का यह सख्त रवैया प्रशासनिक व्यवस्था में बड़े बदलाव के संकेत दे रहा है। भाजपा सरकार अब बंगाल में सुशासन और तेज विकास को अपनी प्राथमिकता के तौर पर पेश कर रही है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की पहली बड़ी प्रशासनिक बैठक ने साफ संकेत दे दिए हैं कि नई सरकार अधिकारियों से जवाबदेही और परिणाम दोनों चाहती है।