खड़गपुर - पश्चिम बंगाल में हुए विधानसभा चुनाव में पीएम मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी ने प्रचंड बहुमत हासिल किया और 207 सीटों पर जीत हासिल की है। वहीं, सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस सिर्फ 80 सीटों पर सिमट गई है। बता दें कि, सीएम ममता बनर्जी खुद अपनी सीट भी हार गई हैं।
मैं इस्तीफा नहीं दूंगी - ममता
चुनाव परिणाम के बाद पश्चिम बंगाल में विवाद तब गहरा गया जब मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कह दिया कि वह इस्तीफा नहीं देंगी। टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने पत्रकारोंसे बात करते हुए कहा है कि, वह राजभवन नहीं जाएंगी, इसका सवाल ही नहीं उठता। इसके साथ ही ममता ने आगे यह भी कहा कि, हम चुनाव नहीं हारे। यह हमें हराने की उनकी कोशिश है। आधिकारिक तौर पर, चुनाव आयोग के ज़रिए, वे हमें हरा सकते हैं, लेकिन नैतिक रूप से हम चुनाव जीत गए हैं। ममता के इस बयान के बाद अब भाजपा नेता दिलीप घोष ने उनपर निशाना साधा है।
ममता के बयान पर दिलीप का पलटवार
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के इस्तीफे से इनकार पर, खड़गपुर से भाजपा के विजयी उम्मीदवार दिलीप घोष ने कहा कि, एक दिन तो दुनिया छोड़नी ही है, इसलिए गद्दी सिर्फ दो दिन की होती है। बीजेपी नेता घोष ने कहा कि, उन्हें इस भ्रम में नहीं रहना चाहिए कि यह उनकी पुश्तैनी संपत्ति है। जनता ने उन्हें 15 साल दिए, लेकिन उन्होंने भ्रष्टाचार और हिंसा के सिवा कुछ नहीं किया। लोगों का जीना हराम कर दिया। एक डॉक्टर बेटी का रेप और मर्डर किया गया। उसको न्याय तो नहीं मिला, उनकी मां को जिस भाषा से उनकी पार्टी के लोगों ने अपमान किया है, वह जनता भूली नहीं हैं, इसका हिसाब होगा।