पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दो चरणों का मतदान पूरा होने के बाद प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने नगर निगम भर्ती घोटाला मामले में अपनी जांच तेज कर दी है। 4 मई को मतगणना से पहले तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और विधाननगर के उम्मीदवार सुजीत बोस को फिर से तलब किया गया है।
सुजीत बोस से 9 घंटे तक पूछताछ
शुक्रवार को सुजीत बोस सीजीओ कॉम्प्लेक्स स्थित ED कार्यालय पहुंचे, जहां उनसे लगभग 9 घंटे तक पूछताछ की गई। सुबह 10:26 बजे पहुंचे सुजीत बोस के साथ उनके बेटे समुद्र बोस और उनके वकील भी मौजूद थे। लंबी पूछताछ के बाद देर शाम वे कार्यालय से बाहर निकले।
6 मई को फिर बुलाया गया
ED सूत्रों के मुताबिक, सुजीत बोस को मौखिक रूप से 6 मई को फिर से पेश होने के लिए कहा गया है। साथ ही कुछ जरूरी दस्तावेज भी साथ लाने के निर्देश दिए गए हैं। जांच एजेंसी का कहना है कि पूछताछ अभी पूरी नहीं हुई है, इसलिए दोबारा बुलाया जा रहा है।
रथीन घोष को भी नोटिस
इसी मामले में तृणमूल के एक अन्य उम्मीदवार रथीन घोष को भी 6 मई को तलब किया गया है। ED की ओर से उन्हें औपचारिक नोटिस भेजे जाने की जानकारी सामने आई है।
पहले तीन बार नहीं हुए थे पेश
बताया जा रहा है कि इससे पहले सुजीत बोस को तीन बार नोटिस भेजा गया था, लेकिन चुनाव प्रचार में व्यस्तता का हवाला देकर उन्होंने हाजिरी नहीं दी थी। चुनाव की घोषणा के पहले और बाद में भी केंद्रीय एजेंसियां सक्रिय थीं, लेकिन मतदान खत्म होते ही जांच ने फिर रफ्तार पकड़ ली है।