चुनाव आयोग ने मतगणना प्रक्रिया को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट कर दिया है कि इस बार किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मतगणना केंद्रों पर तैनात काउंटिंग असिस्टेंट, सुपरवाइजर और अन्य स्टाफ के साथ-साथ सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मियों से भी शपथ-पत्र (मुचलका) लिया जाएगा।
लापरवाही पर सीधे कार्रवाई का प्रावधान
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने साफ कहा है कि अगर मतगणना के दौरान किसी भी अधिकारी की गलती सामने आती है तो उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर नौकरी तक जा सकती है।
स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा पर भी नजर
इसके साथ ही स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा को लेकर भी नए निर्देश जारी किए गए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारियों को रोजाना दो बार निरीक्षण करने का आदेश दिया गया है। सीसीटीवी निगरानी को भी और मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं।
मतगणना से पहले बढ़ी सख्ती
आगामी मतगणना को देखते हुए आयोग ने कुल 165 अतिरिक्त पर्यवेक्षक और 77 पुलिस पर्यवेक्षक तैनात किए हैं ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके।