कोलकाता: उत्तर 24 परगना के गायघाटा में 11वीं की छात्रा से दरिंदगी और हत्या के मामले में आरोपी के पुलिस मुठभेड़ में मारे जाने के बाद राज्य की राजनीति गरमा गई है। घटना से ठीक एक दिन पहले पीड़िता के परिजनों से मिलकर सांत्वना देने पहुंचे राज्य के खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री अशोक कीर्तनीया ने पुलिस एनकाउंटर को पूरी तरह सही ठहराया है। उन्होंने विपक्षी माकपा (CPM) नेता सुजन चक्रवर्ती द्वारा पुलिस की कार्यप्रणाली और सुवेंदु सरकार पर उठाए गए सवालों का करारा जवाब देते हुए कहा कि सुजन बाबू जैसे नेताओं की गाइडलाइन पर अब बंगाल की पुलिस नहीं चलेगी।
पुलिस पर हमला करने वालों को मिलेगा मुंहतोड़ जवाब: खाद्य मंत्री
गायघाटा एनकाउंटर का पुरजोर समर्थन करते हुए खाद्य मंत्री अशोक कीर्तनीया ने कहा कि एक नाबालिग बच्ची के साथ हैवानियत करने और उसकी निर्मम हत्या करने के बाद भी अपराधियों का दुस्साहस इतना बढ़ गया था कि वे सीन री-क्रिएशन के दौरान पुलिस की बंदूक छीनकर भागने और सुरक्षाकर्मियों पर ही गोली चलाने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने दो-टूक कहा कि अगर कोई दुर्दांत अपराधी पुलिस पर जानलेवा हमला बोलेगा, तो पुलिस अपनी आत्मरक्षा में गोली चलाएगी ही, क्या पुलिस उसे छोड़ देगी? उन्होंने बनगांव पुलिस जिले के पुलिस अधीक्षक (SP) और उनकी पूरी टीम को धन्यवाद देते हुए कहा कि पुलिस ने असाधारण साहस का परिचय दिया है। उन्होंने कहा कि जब शासन का मुखिया मजबूत होता है तो नीचे तक के अधिकारियों में कानून का राज स्थापित करने की ताकत आती है। इस एनकाउंटर से समाज के तमाम दरिंदों और बदमाशों के दिलों में कानून का ऐसा खौफ पैदा होगा कि वे भविष्य में किसी भी बेटी की तरफ आंख उठाने से पहले कांपेंगे।
सुजन चक्रवर्ती पर तीखा पलटवार: '34 साल जिन्होंने आतंक का बीज बोया, वे ज्ञान न दें'
माकपा नेता सुजन चक्रवर्ती के आरोपों—कि पुलिस कमजोर है और एनकाउंटर कोई रास्ता नहीं है—पर तीखा प्रहार करते हुए खाद्य मंत्री ने कहा कि वामपंथियों ने बंगाल में लगातार 34 वर्षों तक शासन करते हुए राजनीतिक हिंसा और असामाजिक तत्वों का जो रक्तबीज बोया था, वही पिछले 15 वर्षों के शासन में फलता-फूलता रहा। उन्होंने कहा कि बंगाल को इस जंगलराज में धकेलने वाले अब पुलिस प्रशासन को सिखाने की कोशिश न करें। मंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि सुजन चक्रवर्ती जैसे नेताओं की उम्र हो चुकी है और उन्हें अब इन संवेदनशील मुद्दों पर बयानबाजी छोड़कर दूर ही रहना चाहिए। वे जितना दूर रहेंगे, बंगाल की आम जनता का उतना ही भला होगा। उन्होंने साफ किया कि मुख्यमंत्री और पुलिस मंत्री सुवेंदु अधिकारी के नेतृत्व में भाजपा सरकार का लक्ष्य बंगाल को भयमुक्त बनाना है। राज्य में अपराधियों को किसी भी हाल में पनाह नहीं मिलेगी और कानून से खिलवाड़ करने वाले किसी भी रसूखदार या दरिंदे का अंजाम यही होगा।