बशीरहाट: दूसरे चरण के मतदान से ठीक पहले उत्तर 24 परगना जिले के हाबरा इलाके में सनसनीखेज घटना सामने आई है। पृथिवा ग्राम पंचायत के दक्षिण सराय गांव में सोमवार सुबह एक स्कूल के गेट के पास से 8 जिंदा सॉकेट बम बरामद किए गए। स्थानीय लोगों ने जब दक्षिण सराय प्राथमिक विद्यालय के मुख्य द्वार के सामने बम पड़े देखे, तो इलाके में अफरा-तफरी मच गई। यही स्कूल हाबरा विधानसभा क्षेत्र के बूथ नंबर 40 और 43 के लिए मतदान केंद्र के रूप में चिन्हित है।
पुलिस ने घेरा इलाका, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही हाबरा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेर लिया। बमों को सुरक्षित तरीके से जब्त कर निष्क्रिय करने की प्रक्रिया शुरू की गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है तथा पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है।
राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज
इस घटना के बाद राजनीतिक माहौल भी गरमा गया है। स्थानीय तृणमूल कांग्रेस के पंचायत प्रतिनिधि जाकिर हुसैन ने आरोप लगाया कि भाजपा क्षेत्र में डर का माहौल बनाने की कोशिश कर रही है। वहीं भाजपा ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए इसे राजनीतिक साजिश बताया है।
भांगड़ विस्फोट केस में NIA की कार्रवाई
इधर, दक्षिण 24 परगना के भांगड़ इलाके में हुए बम विस्फोट मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने बड़ी कार्रवाई की है। एजेंसी ने अहीदुल इस्लाम नामक आरोपी को गिरफ्तार कर सोमवार को बैंकशाल कोर्ट में पेश किया, जहां अदालत ने उसे 30 अप्रैल तक NIA की हिरासत में भेज दिया।
23 मार्च को हुआ था बड़ा धमाका
गौरतलब है कि 23 मार्च को भांगड़ के दक्षिण बामुनिया इलाके में हुए विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हुए थे। NIA इस मामले में अहीदुल इस्लाम को मुख्य आरोपी मान रही है और उससे पूछताछ कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।